
धीरज कुमार
नई दिल्ली/जयपुर राजस्थान में सियासी उठापटक तेज हो गई है। राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के समर्थक 2 विधायकों को कांग्रेस ने निलंबित कर दिया है। भंवर लाल और विश्वेंद्र सिंह को कांग्रेस से निलंबित किया गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इसका आज ऐलान किया। जिस तरीके से सचिन पायलट गुट के 2 विधायकों को निलंबित किया है, उसके बाद यह तय माना जा रहा है कि पार्टी अब सचिन पायलट को पार्टी से बाहर करने का मन बना चुकी है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत पर केस दर्ज हो: सुरजेवाला
सुरजेवाला ने आरोप लगाया की विधायक भंवरलाल ने भाजपा के नेता से बातचीत की थी, जिसका सबूत ऑडियो टेप है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर भी कांग्रेस सरकार को गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शेखावत पर केस दर्ज होना चाहिए। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार कोरोना और चीन से लड़ने की बजाए कांग्रेस की सरकारों को गिराने का काम कर रही है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों को इस काम के लिए लगा रखा है। केंद्रीय मंत्री कोरोना जैसी महामारी से लड़ने के उपाय ढूंढने के बजाय कांग्रेस की सरकारों को गिराने में जुटे हुए हैं। पार्टी के विधायकों को तरह-तरह के प्रलोभन दे रहे हैं।