
पुद्दचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी को लेकर अफवाहों का बाज़ार गर्म है। कभी उन्हें किसी दूसरे राज्य की राज्यपाल बनाए जाने की खबरें आती रहती हैं। पिछले दो दिनों से उनके केंद्र में विशेष मंत्री बनाए जाने की ख़बरें सोशल मीडिया पर चल रही हैं। हालांकि खुद किरण बेदी ने इन खबरों का खंडन किया है।
एक समय दिल्ली में पुलिस अधिकारी रहते हुए नाम कमाने वाली किरण बेदी को पुद्दुचेरी से बाहर निकालने के लिए लगातार कोशिश हो रही हैं। इसी कारण से अक्सर उनके बारे में अफवाहों का बाज़ार गर्म रहता है। सूत्रों के मुताबिक उनको लेकर एक बार फिर जानबुझकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। पिछले कुछ समय से उनके और मुख्यमंत्री नारायण सामी के बीच तनातनी चल रही है। इसी वजह से उन्हें राज्य से बाहर भेजने के लिए शोर मचता रहता है। पिछले दो सालों में कई बार उनको इस केंद्र शासित प्रदेश से बाहर भेजने की बात चली है। लेकिन हर बार ये अफवाह ही निकली है। ताजा कड़ी में किरण बेदी को केंद्र में कोविड मंत्रालय देने की अफवाह चल रही थी। एक वायरल संदेश में ये कहा जा रहा था कि एक अगस्त से उन्हें कोविड मंत्रालय दिया जाएगा और कोविड से संबंधित सभी तरह के मामले वो देखेंगी। हालांकि इस खबर का खुद किरण बेदी ने खंडन किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कहा जा रहा है कि मेरा यहां से तबादला किया जा रहा है। हालांकि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लिहाजा इस मैसेज को फारवर्ड ना किया जाए।