
harendra negi
केदारनाथ में यात्रियों के रुकने के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम को टेंट कालोनी बनाने के निर्देश
पैदल मार्ग पर आवंटित दुकानों को भी खोलेंगे स्थानीय लोग
दोपहर 2 बजे बाद यात्री नहीं जा सकेंगे केदारनाथ।
मौसम और यात्रियों की अन्य सुविधाओं को देखते हुए प्रशासन ने लिया निर्णय।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखकर डीडीआरएफ और पुलिस की अतिरिक्त टीम केदारनाथ में तैनात
फिलहाल केदारनाथ में दो हजार लोगों के लिए रुकने की व्यवस्था
रुद्रप्रयाग। कोरोना काल में ढ़िलाई मिलने के बाद भक्त भारी संख्या में केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। भक्तों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि से प्रशासन ने भी व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने का कार्य शुरू कर दिया है। केदारनाथ धाम में यात्रियांे के लिये रूकने की व्यवस्था करने के लिये गढ़वाल मंडल विकास निगम को निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा स्थानीय पुरोहितों एवं व्यापारियों से भी अपने भवन खोलने के लिये कहा गया है। पैदल मार्ग पर आवंटित दुकानों को खोलने के लिये भी प्रशासन ने निर्देश जारी किये हैं।
दरअसल, लाॅकडाउन में ढ़िलाई मिलने के बाद केदारनाथ धाम आने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। इससे पूर्व यात्रियों के न पहुंचने से पैदल मार्ग पर प्रशासन की ओर से आवंटित दुकानें भी बंद थी। जबकि पिछले यात्रा सीजन की तरह इस बार स्थानीय लोगों और गढ़वाल मंडल विकास निगम ने टेंट कालोनी का निर्माण नहीं किया था। केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहित भी कोरोना महामारी के चलते अपने भवन खोलने के लिये तैयार नहीं हैं। ऐसे में केदारनाथ धाम पहुंच रहे यात्रियों को रहने और खाने की समस्याओं से जूझना पड़ रहा था। यात्रियों की बढ़ती आमाद को देखते हुये अब प्रशासन ने गढ़वाल मंडल विकास निगम को केदारनाथ में टेंटों की संख्या बढ़ाने के अलावा पैदल मार्ग पर स्थानीय लोगों को आंवटित दुकानों को खोलने के निर्देश जारी किये हैं। साथ ही धाम में भवन स्वामियों को यात्रियों के लिये भवन खोलने के लिये कहा है।
जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कहा कि कोविड 19 टेस्ट की अनिवार्यता समाप्त होने के बाद यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। ऐसे में गढ़वाल मंडल विकास निगम को केदारनाथ में टेंट लगाने के लिये कहा गया है। इसे अलावा पैदल मार्ग पर आवंटित दुकानें खोलने के भी निर्देश दिये गये हैं। वर्तमान में केदारनाथ में लगभग दो हजार लोगों के रूकने की व्यवस्था है। दोपहर दो बजे बाद सोनप्रयाग-गौरीकुंड से यात्रा को रोकने के निर्देश भी जारी किये गये हैं।
वहीं शीघ्र ही धाम के लिये हेली सेवाएं सुचारू हो सकती हैं। यूकाडा ने प्रशासन से हेलीपैड की सुरक्षा के लिये पत्राचार किया था। प्रशासन ने यूकाडा को हेलीपैड से संबंधित रिपोर्ट सौंप दी है। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने बताया कि केदारनाथ के लिये हेली सेवा शुरू करने के लिये यूकाडा ने जिला प्रशासन से पत्राचार किया था। यूकाडा ने हेलीपैड की सुरक्षा के संबंध में प्रशासन से आख्या मांगी थी। हेलीपैड से संबंधित रिपोर्ट प्रशासन ने यूकाडा को दे दी है।