
कोरोना के चलते रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगड़ी की मृत्यु हो गई। वो पिछले कुछ समय से बीमार थे। कर्नाटक के बेलगाम से सांसद अंगड़ी एम्स में भर्ती थे। 65 साल के अंगड़ी को 11 सितंबर को कोरोना हुआ था। चार बार के सदन के सदस्य रहे अंगड़ी कर्नाटक के बेलगाम से सांसद थे। गुरूवार को दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्होंने ट्विट किया था कि मैं कोरोना जांच के बाद संक्रमित पाया गया हूं। मेरी स्थिति ठीक है और मैं डॉक्टरों की बात मान रहा हूं। बीते दिनों जो लोग मेरे संपर्क में आए थे। उनसे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखे और किसी भी तरह के लक्षण पाए जाने पर जांच कराएं।
मोदी सरकार में अंगड़ी पहले ऐसे मंत्री हैं। जिनकी कोरोना से जान गई हैं। हालांकि गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कल्चर मंत्री प्रहलाद पटेल, कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, आयुष मंत्री श्रीपद नायक, जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और संसदीय राज्य मंत्री अर्जुन मेघवाल भी कोरोना से संक्रमित रहे हैं। इनमें से अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान अब स्वस्थ्य हैं। बाकी की स्थिति भी ठीक है। इससे पहले कर्नाटक से ही एक अन्य सांसद अशोक गस्ती की मृत्यु भी कोरोना के कारण हुई थी।
अंगड़ी की मृत्यु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए कहा कि सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे। जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मज़बूत करने में काफी मेहनत की। वे एक समर्पित सांसद और प्रभावशाली मंत्री थे।