
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का लॉटरी लग सकती है। असल में सरकार बनने के बाद अभी तक सरकार ने किसी को दायित्वधारी पदों पर नियुक्त नहीं किया गया है। लिहाजा माना जा रहा है कि इस पर आज दिल्ली में बातचीत हो सकती है। माना जा रहा है कि भाजपा सरकार में जिम्मेदारी और पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारियों को लेकर कवायद शुरू हो गई है। इसी के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ मंथन करेंगे। इस बैठक में धामी राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और महामंत्री संगठन अजय भी मौजूद रहेंगे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी और सरकार 15 अगस्त से पहले दायित्वों की घोषणा कर सकती है। उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद से एक-दो को छोड़कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां बांटी नहीं गई हैं। जबकि पार्टी कार्यकर्ता जिम्मेदारियों के बंटवारे का इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सफलता के लिए भाजपा ने सात सदस्यीय समिति का गठन किया है। प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार को इसका संयोजक बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अभियान की सफलता के लिए मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर तिरंगा फहराने की रणनीति बनाने के निर्देश दिए।
बीजेपी ने सौंपी जिम्मेदारी
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अभियान को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि समिति में वीरेंद्र बिष्ट, आदित्यराम कोठारी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक आशा नौटियाल के साथ तरुण बंसल और अजीत नेगी को सह संयोजक बनाया गया है। यह समिति पूरे प्रदेश में अभियान चलाने के लिए जिला स्तर पर पांच और मंडल स्तर पर तीन सदस्यीय समिति का गठन करेगी।
भट्ट एक नई टीम भी बनाएंगे
सूत्रों के मुताबिक बैठक में संगठन में बदलाव पर भी चर्चा होगी। बीजेपी ने कुछ दिन पहले ही प्रदेश में मदन कौशिक को हटाकर प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी महेंद्र भट्ट को दी है। अब भट्ट को भी अपनी नई टीम बनानी है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी के महासचिव के अलावा उपाध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर बदलाव हो सकता है।
लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू
दरअसल, साल 2024 में देश में लोकसभा चुनाव होने हैं और बीजेपी ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि उत्तराखंड में जिम्मेदारियों का बंटवारा कर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा जाना चाहिए। इसी तरह संगठन में नए चेहरों को लाकर चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।