
हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाने वाले और आदमपुर से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आखिरकार कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। कुलदीप ने खुद भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया है। बिश्नोई गुरुवार सुबह भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा, ‘मैं कल कांग्रेस से इस्तीफा दूंगा और परसों भाजपा में शामिल हो जाऊंगा। आपसे निवेदन है कि एक दिन पहले ही दिल्ली स्थित भाजपा प्रधान कार्यालय पहुंच जाएं।
मंगलवार शाम को बिश्नोई ने आदमपुर स्थित अपने आवास पर अपने समर्थकों के साथ बैठक की। उन्होंने भाजपा में शामिल होने के बारे में समर्थकों से सुझाव भी मांगे थे, जिसका सभी ने समर्थन किया था। इसके बाद कांग्रेस नेता ने कहा कि आदमपुर विधानसभा सीट ने 27 साल का वनवास काट लिया है और अब उसका वनवास खत्म करने का समय आ गया है।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ क्रॉस वोटिंग
उन्होंने कहा कि आदमपुर क्षेत्र में विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और आदमपुर एक बार फिर विकास की मिसाल बनेगा। राज्यसभा चुनाव में बिश्नोई ने कांग्रेस के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की थी। इसके बाद उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। 14 जून को उन्होंने संकेत दिया था कि वह जल्द ही बीजेपी में शामिल होंगे।
2009 में कांग्रेस ने छोड़ा था
आपको बता दें कि कुलदीप बिश्नोई ने 2009 में कांग्रेस छोड़कर हरियाणा जनहित कांग्रेस का गठन किया था। चुनाव में पार्टी के 7 विधायक जीते, लेकिन 5 विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी के साथ गठबंधन किया था। भाजपा ने 8 सीटों पर और एचजेसी ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा। एचजेसी दोनों सीटों पर हार गई। जबकि भाजपा ने 7 और कांग्रेस ने 1 सीट जीती।
लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा नहीं होने के कारण भाजपा से गठबंधन टूट गया और एचजेसी का कांग्रेस में विलय कर कुलदीप फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए।