
द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति के रूप में एक नई पारी की शुरुआत कर रही हैं। वहीं रामनाथ कोविंद का कार्यकाल भी आज खत्म हो गया है। रिटायरमेंट के बाद रामनाथ कोविंद का अगला ठिकाना 12 जनपथ होगा। यह बंगला कभी केंद्रीय मंत्री रहे स्वर्गीय रामविलास पासवान का पता हुआ करता था। खास बात यह है कि इसके साथ ही कोविंद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं।
कोविंद को जून में यह बंगला आवंटित किया गया था और सोमवार को उनके स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। खास बात यह है कि 12 जनपथ को लुटियंस सेंट्रल दिल्ली में स्थित बड़े बंगलों में से एक माना जाता है। वहीं सोनिया का आवास 10 जनपथ के पास थोड़ा सा स्थित है।
अश्विनी वैष्णव को आवंटित किया गया था बंगला
यह बंगला अगस्त 2021 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को आवंटित किया गया था। हालांकि जमुई से लोकसभा सांसद चिराग और पासवान के बेटे का घर खाली न होने के कारण वह यहां शिफ्ट नहीं हो पाए। इसके बाद वह 32, पृथ्वीराज रोड स्थित नए पते पर चले गए। इस साल जून में ही शहरी मामलों के मंत्रालय ने मकान खाली करने की प्रक्रिया पूरी कर ली थी।
कोर्ट ने खारिज की थी पासवान परिवार की थी याचिका
इस साल मार्च में दिल्ली हाईकोर्ट ने पासवान परिवार की याचिका खारिज कर दी थी। दरअसल, उन्होंने मकान खाली करने के लिए और समय मांगा था। रामविलास पासवान करीब 3 दशक तक इस आवास पर रहे।
रिटायरमेंट के बाद मिलेंगी ये सुविधाएं
राष्ट्रपति (परिलब्धियां और) पेंशन अधिनियम, 1951 के तहत, पूर्व राष्ट्रपति को 1.5 लाख रुपये की मासिक पेंशन और कई अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। इसमें मुफ्त आवास भी शामिल है। अधिनियम में कहा गया है कि पूर्व राष्ट्रपति बिना किराया दिए जीवन भर घर का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा उन्हें दो टेलीफोन, एक मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।