
अपनी बेबाकी के लिए मशहूर राज्यसभा सांसद अमर सिंह नहीं रहे। उनका सिंगापुर में इलाज के दौरान निधन हो गया है। अमर सिंह पिछले काफी लंबे समय से बीमार थे और पिछले 6 महीने से सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। अमर सिंह का हाल के दिनों में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था।
अमर सिंह का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। शनिवार दोपहर को अमर सिंह ने अंतिम सांस ली। वो 64 साल के थे। अमर सिंह और उनका परिवार पिछले लंबे समय से सिंगापुर में ही थे और वहीं अपना इलाज़ करवा रहे थे। एक समय अमिताभ बच्चन, मुलायम सिंह यादव और सुब्रत राय सहारा के साथ उनके घनिष्ठ संबंध थे। अपनी बेबाकी के अंदाज में वो अक्सर मुलायम सिंह और उनके परिवार पर अपनी बात रखते थे। समाजवादी पार्टी से निकलने के बाद अखिलेश और उनके करीबी अक्सर अमर सिंह के निशाने पर रहते थे। कुछ समय पहले एक विडियो जारी करते हुए अमर सिंह ने कहा था कि ‘सिंगापुर से मैं अमर सिंह बोल रहा हूं। मैं बीमार हूं, त्रस्त हूं लेकिन संत्रस्त (डरा) नहीं हूं। हिम्मत बाकी है, जोश बाकी है, होश भी बाकी है। हमारे शुभचिंतक और मित्रों ने ये अफवाह बहुत तेजी से फैलाई कि मुझे यमराज ने अपने पास बुला लिया है। यह बिल्कुल भी सच नहीं है। मेरा इलाज चल रहा है। विडियो में उन्होंने कहा कि मैं ठीक होकर वापस आऊंगा।
पूर्व समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह ने कहा, ‘बाकी हमारे मित्र जो हमारी मृत्यु की कामना कर रहे हैं, वह यह कामना छोड़ दें। हालांकि बीमारी की वजह से वो वापस नहीं आ पाए।