
लक्स साबुन समेत पर्सनल हाइज़िन के उत्पाद बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी FMCG कंपनियों में से एक हिंदुस्तान युनीलीवर लीवर (HUL) के हरिद्वार प्लांट में 150 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उत्तराखंड सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए कंपनी के प्रबंधन पर सरकार की गाइडलाइंस फॉलो नहीं करने पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच हो रही है।
इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद कंपनी ने अपने हरिद्वार प्लांट को बंद कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि उसके प्लांट में कुछ कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। हालांकि कंपनी ने इनकी संख्या नहीं बताई है। लेकिन उत्तराखंड प्रशासन ने इसपर सख्त एक्शन लिया है। सिडकुल पुलिस स्टेशन में कंपनी के प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। राज्य के डीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार ने आदेश दिए हैं कि अगर किसी अन्य विभाग ने भी लापरवाही की है तो उसपर भी केस दर्ज किया जाए। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
कंपनी के मुताबिक उन्होंने अपने कर्मचारियों की जांच के लिए के शिविर लगाया था। जिसमें कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट किया गया था। इसमें काफी कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से ही कंपनी ने प्लांट बंद करने का फैसला लिया था। कंपनी ने कहा है कि वो अपने सभी कोरोना पॉजिटिव कर्मचारियों के संपर्क में है और उनकी हर संभव मदद कर रही है। कंपनी ने ये भी दावा किया है कि वो अपने कर्मचारियों के बीच में साफ सफाई का ध्यान रखती है और सरकार की सभी गाइडलाइंस का पालन कर रही थी।