
देश में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 24 घंटों में तो नए संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख से ज्य़ादा हो गया है जोकि पूरी दुनिया में अभी तक सबसे ज्य़ादा संक्रमित मिलने का रिकॉर्ड है। अभी तक दुनिया के किसी भी देश में एक लाख से ज्य़ादा संक्रमित एक दिन में नहीं मिले हैं। हालांक इस दौरान ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी करीब 90 हज़ार रही है। यानि एक्टविक केसेज में सिर्फ 10 हज़ार मरीजों की बढ़ोतरी हुई है।
क्यों हो रही है मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी
दरअसल राज्यों में अब टेस्टिंग काफी बड़ी संख्या में हो रही है। कुल मिलाकर करीब एक करोड़ के आसपास की टेस्टिंग प्रतिदिन हो रही है। इसी वजह से संक्रमितों की संख्या में इतनी बढ़ोतरी भी नज़र आ रही है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को देशभर में 1,04,789 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 43 लाख 55 हजार को पार कर गया है। हालांकि सुकून देने वाली बात ये है कि इस दौरान 89,446 मरीजों को देश के विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी भी मिली है और अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 33 लाख 86 हजार से अधिक हो गई है। रिकॉर्ड 1,532 लोगों की मौत हुई है और इस महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 73,828 हो गया है। सक्रिय मामले नौ लाख से कम हैं। पुणे दो लाख से अधिक संक्रमितों वाला देश का पहला जिला बन गया है। दूसरे स्थान पर दिल्ली और तीसरे स्थान पर मुंबई है।