
भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफलतम कप्तानों में शामिल महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलविदा कहने के बाद अब उनको राजनीति में आने के न्यौते मिलने लगे हैं। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने धोनी को 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ने का न्योता दे दिया है।
इससे पहले शनिवार शाम को महेंद्र सिंह धौनी ने रिटायमेंट की घोषणा करके सबको चौंका दिया था। इसपर पूरी दुनिया में तहलका मच गया। ट्विटर के शुरू के पांच ट्रेंड माही के अलग अलग नामों से कई घंटों तक ट्रेंड करते रहे। खुद देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भी उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उनके हेलीकॉप्टर शॉट की कमी खलेगी। इसके एक दिन बाद भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट करके कहा कि एमएस धोनी क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं और किसी अन्य चीज से नहीं। बाधाओं से लड़ने की उनकी प्रतिभा और एक टीम का नेतृत्व करने की जो क्षमता उन्होंने क्रिकेट में दिखाई है, उसकी सार्वजनिक जीवन में काफी जरूरत है। उन्हें 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।
दूसरी ओर विभिन्न पाटियों के नेता लगातार धोनी को बधाईयां दे रहे हैं। कांग्रेस के कपिल सिब्बल ने कहा कि धोनी हमारे दिल-दिमाग से कभी रिटायर नहीं होंगे। बीसीसीआइ के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि क्रिकेट से मेरा लंबा नाता रहा है और जब हमने एमएस धोनी को कप्तान बनाया तो हमें यकीन था कि वह भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक होंगे।
धोनी के संन्यास लेने की खबर के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया कि देश और झारखंड को गर्व और उत्साह के अनेक क्षण देने वाले माही ने आज अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अब हम झारखंड के लाल को नीली जर्सी में नहीं देख पाएंगे लेकिन देशवासियों का दिल अभी भरा नहीं। मैं मानता हूं कि माही के लिए एक फेयरवेल मैच रांची में हो।