
मुंबई में ग्रिड फेल हो जाने के कारण पूरे मुंबई रीजन यानी मुंबई, ठाणे, मुंबई, नवी मुंबई और पनवेल समेत कई इलाकों में बिलजी गुल हो गई है। आज सुबह सुबह करीब 10.05 बजे अचानक बिजली चली गई। इसके बाद पता चला कि बिजली पूरे मुंबई की ही चली गई है। ना तो रेलवे स्टेशन पर बिजली है और ना ही ट्रेन चलाने के लिए बिजली है। ऐसे में जो जहां था वहीं रुक गया। शहर के सारे सिग्नलस भी फेल हो गए। अस्पतालों की बिजली भी चली गई। बहुत सारी बिल्डिंग्स की लिफ्ट भी रूक गई। पानी की सप्लाई भी रूक गई। पेट्रोल पंप भी बंद हो गए। कुल मिलाकर पूरा शहर ही थम सा गया। इससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि ग्रिड की खराबी के कारण शहर में बिजली चली गई है। मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने इस परेशानी में धैर्य रखने को कहा है। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया- पूरे शहर में बिजली नहीं है। किसी तरह ये मैसेज कर पाया हूं। धैर्य रखें, सब अच्छा होगा।
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सीपीआरओ ने कहा कि ग्रिड बंद होने के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। चर्चगेट और वसई के बीच पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुईं हैं। इस दौरान ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति को बहाल करने का काम किया जा रहा है। एक घंटे में बिजली आ जाएगी। हालांकि इस दौरान बीजेपी ने कहा है कि राज्य की सरकार ने मुंबई की बिजली भगा दी है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।