
बिहार पुलिस की जांच के बाद लगातार सवालों के घेरे में आ रही मुंबई पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बारे में ज्य़ादा जानकारी दी। बिहार पुलिस की जांच के आधार पर सामने आ रही मीडिया रिपोर्ट्स को एक तरह से नकारते हुए उन्होंने मुंबई पुलिस की अभी तक की जांच साझा की। उन्होंने बताया कि 50 से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है। वहीं, मामले में हर एंगल से जांच हो रही है। मुंबई पुलिस की जांच के मुताबिक पांच बड़ी बातें सामने आई।
1- दिशा सलियन की मौत के साथ सुशांत की आत्महत्या का कोई संबंध नहीं है। दिशा की आत्महत्या की मुख्य वजह उनके हाथ से दो बड़ी डील निकलना रहा था। इसके लिए दिशा की आत्महत्या वाली रात के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। दिशा सलियन के मंगेतर के घर पर आत्महत्या से एक रात पहले पार्टी हुई थी। दिशा ने रात में तीन बजे सुसाइड किया था। यह वहां लगे सीसीटीवी कैमरे से सामने आया है। दिशा सलियन सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर रह चुकी थीं, जिनकी मौत के पांच दिन बाद सुशांत ने भी आत्महत्या कर ली थी।
2- सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या से पहले बिना दर्द के मौत जैसे शब्दों को सर्च किया। उन्होंने अपना नाम भी गुगल पर देखा।
3- बिहार पुलिस को इस मामले में जांच करने की अनुमति नहीं है। हम इसको लेकर कानूनी राय के बारे में और जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं।
4- सुशांत के अकाउंट से पैसे ट्रांसफर की जो बात कही जा रही है। उसके सबूत अभी तक नहीं मिले हैं।
5- मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि जब सुशांत का नाम दिशा सलियन के साथ जोड़ा गया, तब वह काफी परेशान हो गए थे। जांच के अनुसार, दिशा सलियन के साथ सुशांत सिंह राजपूत की मुलाकात सिर्फ एक बार ही हुई थी। सोशल मीडिया पर दिशा सलियन के साथ जोड़े जाने की वजह से वह काफी इमोशनल हुए थे।