
लोनिवि रुद्रप्रयाग में तैनात हैं 54 कर्मचारी, छह माह से नहीं मिला मानदेय
जन अधिकार मंच ने कहा, आउटसोर्स कर्मचारियों की मुखरता से लड़ी जाएगी लड़ाई
रुद्रप्रयाग। लोक निर्माण विभाग में आउटसोर्स के जरिये भर्ती हुए कर्मचारियों को पिछले छह माह से मानदेय नहीं मिला है। इसको लेकर आक्रोशित कर्मचारियों ने आज लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग कार्यालय के सम्मुख धरना दिया। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें छह माह का मानदेय दिया जाय और उन्हें पुनर्नियुक्ति दी जाय। वहीं जन अधिकार मंच ने भी मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया।
दरअसल, लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग में विभिन्न सड़कों के अनुरक्षण के लिए एक वर्ष पूर्व बेलदार और मेट के पदों पर कर्मचारियों की आउटसोर्स के जरिये नियुक्ति दी गई थी। लेकिन आज तक न तो कर्मचारियों को समय पर मानदेय मिला है और ना ही इनके ईपीएफ और ईएसआई की जानकारी दी गई है। आउटसोर्स कंपनी माॅस मैनेजमेंट द्वारा इन कर्मचारियों का मानदेय खाते में देने के बजाय इनके हाथों में थमाया जाता है। पिछले छह माह से कर्मचारियों को मानदेय ही नहीं मिला है। एक साल का काॅन्ट्रेक्ट खत्म होने के बाद उन्हें अभी तक दोबारा नियुक्ति नहीं मिली है। जबकि पिछले माह नियुक्ति के लिए टेंडर भी निकाला गया था।
लोनिवि आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के कर्मचारियों ने कहा कि पिछले छह माह से मानदेय न मिलने के कारण अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका शोषण हो रहा है। विभागीय अधिकारी उनकी अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मांग यही है कि हमें हर माह मानदेय दिया जाय और हमें पुनर्नियुक्ति दी जाय। साथ ही ईपीएफ और ईएसआई की जानकारी भी हमें दी जाय। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं होती है तो आंदोलन के लिए बाध्य हो जायेंगे।