
उत्तर भारत के पंजाब, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा का एक बड़ा हिस्सा अब सीधे मुंबई और बाकी दक्षिण भारत के राज्यों के साथ सीधे जुड़ जाएंगा। केंद्र सरकार ने लंबे अरसे से लंबित मांग को मानते हुए अंबाला नारनौल कोटपुतली कॉरिडोर को दिल्ली वडोदरा मुंबई एक्सप्रेस वे जोड़ने को मंजूरी दे दी है। इससे नए रास्ते के बन जाने के बाद मुंबई-अहमदाबाद जाने वाले ट्रकों के लिए रास्ता काफी छोटा हो जाएगा।
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 148 बी को पनियाला मोड़ से सीधा आगे बढ़ाते हुए अलवर के नजदीक निर्माणाधीन दिल्ली बडोदरा मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग से जोड़ने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 148 बी का दिल्ली- वडोदरा- मुंबई एक्सप्रेस मार्ग से जोड़ने का मतलब है न केवल महेंद्रगढ़ जिला अपितु पूरे उत्तरी भारत का सीधे मुंबई से जुड़ना। इस सड़क के बन जाने के बाद पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर एवं साथ लगते राजस्थान समेत पूरे उत्तरी भारत का मुंबई सहित पश्चिमी भारत के शहरों से सीधे तौर पर जुड़ जाएंगे। साथ ही ये रास्ता मुंबई के लिए इन राज्यों से सड़क का सबसे छोटा मार्ग होगा।
इन राज्यों से आने वाले वाहन अंबाला से सीधा राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 152डी से नारनौल होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 148 बी से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस मार्ग पर पहुंच जाएंगे इससे धन एवं समय दोनों की बचत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में वाहनों के प्रदूषण में कमी आएगी इसके अलावा केएमपी समेत दिल्ली की सीमा से लगते हुए मार्गों पर भी यातायात का बोझ घटेगा।