
कोरोना ने अब आम लोगों के साथ साथ ख़ास लोगों को भी अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरूण की कोरोना से मौत के बाद अब कोरोना को लेकर लोगों के मन में इसका डर बढ़ गया। पिछले कुछ दिनों में अनलॉक के बाद देश में रोज़ाना 50 हज़ार से ज्य़ादा कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। इससे एक बार फिर लॉकडाउन की आशंका बढ़ रही है।
रविवार को कोरोना से जंग हारने वाली यूपी सरकार की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरूण इससे पहले सांसद भी रह चुकी हैं। कानपुर की रहने वाली थीं और वर्तमान में घाटमपुर विधानसभा से विधायक थीं। पिछले कुछ दिनों से उनका एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिछले कुछ दिनों से वो वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी कमला रानी के निधन पर शोक जताया है। सीएम योगी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। इसी के चलते सीएम का आज अयोध्या दौरा रद्द कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने जा रहे थे। सीएम ने ट्वीट कर कहा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया. उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति! रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कमल रानी के निधन पर शोक जताया है।